अभाविप ने प्रतियोगी परीक्षाओं में संस्थागत सुधार के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित करने की मांग की
नई दिल्ली, 22 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने जंतर-मंतर पर नीट-यूजी सहित विभिन्न शिक्षा संबंधी विषयों को लेकर आयोजित प्रदर्शन को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। अभाविप ने सरकार से प्रतियोगी परीक्षाओं की संस्थागत सुधारों के विभिन्न आयामों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन करने की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी से जुड़े छात्र संगठन ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान उत्पन्न अराजकता, विद्यार्थी होने का दावा करने वाले कुछ अराजकतत्वों एवं सुरक्षाबलों के बीच हुए हिंसक टकराव तथा दिल्ली में सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटनाएं बहुत ही निंदनीय है।
अभाविप का कहना है कि विद्यार्थियों के न्यायोचित आंदोलन की आड़ में कुछ राजनीतिक स्वार्थों एवं समाजविरोधी तत्वों ने अराजकता एवं हिंसा फैलाने का प्रयास किया है, जिसकी अभाविप घोर निंदा करती है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में चोटिल हुए विद्यार्थियों एवं सुरक्षाकर्मियों के प्रति अभाविप अपनी संवेदना व्यक्त करती है तथा अपेक्षा करती है कि भविष्य में ऐसे टकरावों की पुनरावृत्ति न हो।
अभाविप का मानना है कि विद्यार्थियों के न्यायोचित विषयों का समाधान केवल सार्थक संवाद, संवेदनशीलता एवं संस्थागत सुधारों के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
अभाविप ने स्पष्ट किया है कि नीट-यूजी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के विरुद्ध वह प्रारंभ से ही विद्यार्थियों के साथ खड़ी रही है। परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अभाविप ने सर्वप्रथम केंद्रीय एजेंसी द्वारा जांच की मांग उठाई थी, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की थी।
अभाविप का मानना है कि विद्यार्थियों की स्वाभाविक समस्याओं एवं न्यायोचित मांगों का उपयोग किसी संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ, देशविरोधी एजेंडे अथवा देश में अस्थिरता, टकराव एवं अराजकता का वातावरण निर्मित करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
अभाविप ने सभी विद्यार्थियों, युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों, शिक्षाविदों तथा समाज के हितधारकों से अपील की है कि वे विद्यार्थियों के न्यायोचित विषयों को राजनीतिक दिग्भ्रम तथा उकसावे से दूर रखते हुए उनके समाधान के लिए सकारात्मक, शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं तथा राष्ट्रविरोधी षड्यंत्रों का शिकार न बनें।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि नीट-यूजी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं ने देश के लाखों विद्यार्थियों की चिंताओं को बढ़ाया है। इन न्यायोचित विषयों पर अभाविप प्रारंभ से ही विद्यार्थियों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के न्यायोचित विषयों का समाधान केवल सार्थक संवाद, संवेदनशीलता एवं संस्थागत सुधारों के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

