दिल्ली इमारत हादसा: सात मजदूरों की मौत पर आआपा का सरकार पर हमला, मुआवजा और कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने दिल्ली में इमारत हादसे में सात मजदूरों की मौत के मामले को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है।
बुराड़ी से विधायक संजीव झा और विधायक कुलदीप कुमार ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दिल्ली में इमारत हादसे में सात मजदूरों की मौत पर मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आआपा नेता संजीव झा ने कहा कि साकेत में हुए बिल्डिंग हादसे के समय सरकार की ओर से इमारतों का ऑडिट कराने और जर्जर इमारतों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया था। यदि उस समय इमारतों का ऑडिट और जरूरी कार्रवाई कर दी गई होती, तो शायद चावड़ी बाजार में सात मजदूरों की जान नहीं जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल्डिंग ऑडिट के नाम जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
संजीव झा ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ सात मजदूरों की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर पूरी कैबिनेट दिवाली उत्सव मनाने में व्यस्त रही। मंत्रियों के आवासों पर कार्यक्रम आयोजित हो रहे थे और सरकार जश्न में डूबी हुई थी, लेकिन हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों की सुध लेने वाला कोई नहीं था।
उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक रेस्क्यू अभियान चला, लेकिन सरकारी अधिकारी दिवाली समारोह में व्यस्त रहे।
संजीव झा ने मुख्यमंत्री से अपील की कि उत्सव और समारोहों से समय निकालकर मृतक मजदूरों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पराली जलाने के मुद्दे पर संजीव झा ने कहा कि यदि कपिल मिश्रा के दावों को सही भी मान लिया जाए, तब भी आंकड़ों के मुताबिक पहले पराली जलाने की करीब 72 हजार घटनाएं होती थीं, जो घटकर अब 1,500 से 2,000 के बीच रह गई हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान पराली जलाने की घटनाओं में करीब 90 प्रतिशत की कमी आई थी। झा ने कहा कि किसानों की सराहना करने के बजाय उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो तथा मृतक मजदूरों के परिवारों को जल्द उचित मुआवजा दिया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

