आआपा के सुंदरकांड पाठ से भाजपा परेशान : संजय सिंह
नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ सुंदरकांड का पाठ किए जाने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) परेशान है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन को लेकर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया से ऐसा प्रतीत होता है कि मानो पूजा-पाठ करने के लिए भी लोगों को भाजपा से अनुमति लेनी पड़ेगी।
संजय सिंह ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के साथ सुंदरकांड का पाठ किया और प्रभु बजरंगबली से कथित चंदा घोटाले के खिलाफ कार्रवाई की प्रार्थना की। इसके बाद भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर इस आयोजन की आलोचना शुरू कर दी।
आआपा सांसद ने कहा कि पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करना हर नागरिक का अधिकार है। यदि यही स्थिति रही तो लोगों को सुंदरकांड, रामायण या गीता का पाठ करने से पहले भी भाजपा से अनुमति लेनी पड़ेगी।
संजय सिंह ने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान भी चला रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आलोचनाओं से विचलित नहीं होने की अपील करते हुए कहा कि अभी तो केवल सुंदरकांड का पाठ हुआ है, आगे लंकाकांड का पाठ भी होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

