आआपा ने मतदाता सूची से नाम हटाने के विरोध में किया प्रदर्शन, 10 अक्टूबर को देशव्यापी आंदोलन का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
आआपा ने मतदाता सूची से नाम हटाने के विरोध में किया प्रदर्शन, 10 अक्टूबर को देशव्यापी आंदोलन का ऐलान


नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने बुधवार को कश्मीरी गेट स्थित दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान आआपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 10 अक्टूबर को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसका मुख्य केंद्र जंतर-मंतर रहेगा। उन्होंने दावा किया कि इस आंदोलन का आह्वान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने किया है और आआपा इस आह्वान का समर्थन कर रही है। उनके मुताबिक, वामपंथी दलों, छात्र संगठनों तथा कई अन्य छोटे-बड़े संगठन भी आंदोलन के समर्थन में हैं।

बुराड़ी से आआपा विधायक संजीव झा ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि देशभर में मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है।

संजीव झा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में कथित तौर पर वोटों की चोरी के जरिए सरकारें बनाई गईं और चुनावी अनियमितताओं के माध्यम से सत्ता में आए लोगों ने गैर-कानूनी सरकारें बनाई हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें देश को गुमराह करने के लिए जवाब देना चाहिए।

आआपा विधायक ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने यह माना है कि उसकी अनुमति के बिना फॉर्म-6 में बदलाव किए गए। उन्होंने चुनाव आयोग से सवाल किया कि ऐसे बदलाव क्यों किए गए और क्या इसके पीछे किसी राजनीतिक दल को लाभ पहुंचाने की कोशिश थी।

प्रदर्शन के दौरान झा ने कहा कि इंडी गठबंधन के नेता भी इस मुद्दे पर आगे आ रहे हैं और विपक्षी दल चुनाव आयोग से मुलाकात करेंगे। उन्होंने चुनाव आयोग से मतदाता सूची में हुए कथित बदलावों पर स्पष्टीकरण देने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story