चढ़ावा चोरी के दोषियों को सजा दिलवाने को लेकर रविवार को सुंदरकांड का पाठ करेगी आआपा

WhatsApp Channel Join Now
चढ़ावा चोरी के दोषियों को सजा दिलवाने को लेकर रविवार को सुंदरकांड का पाठ करेगी आआपा


नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के दोषियों को सजा दिलवाने को लेकर रविवार को सुंदरकांड का पाठ कराने और देशभर में सिग्नेचर कैंपेन चलाने की घोषणा की। केजरीवाल ने कहा कि रविवार को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-10 स्थित जेएमडी टेंट, जापानी पार्क में सुबह 10 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद देशभर में सिग्नेचर कैंपेन चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सनातन के गुनहगारों को फांसी मिलनी चाहिए।

केजरीवाल ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों का घटनाक्रम यह दिखाता है कि केंद्र सरकार उन लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने राम मंदिर में चोरी की। उन्होंने कहा कि किसी के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नही की जा रही न ही किसी को गिरफ्तार किया जा रहा है। केजरीवाल ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर चढ़ावे की चोरी हुई, सीसीटीवी कैमरे के अंदर इतनी सारी घटनाएं कैद हुईं, लेकिन उसकी भी कोई जांच नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा कि आठ छोटे लोगों को पकड़कर जेल में डाल दिया गया है और बाकी सभी बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में अब जनता को आवाज उठानी पड़ेगी इसलिए इस 12 जुलाई, रविवार को सुबह 10 बजे जेएमडी टेंट, जापानी पार्क, सेक्टर 10, रोहिणी में आआपा सुंदरकांड का पाठ करेगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और रामभक्तों से इसमें आने की अपील की।

केजरीवाल ने बताया कि सिग्नेचर कैंपेन देशभर में चलाया जाएगा। यह केवल आम आदमी पार्टी का सिग्नेचर कैंपेन नहीं है, बल्कि जहां-जहां राम भक्त और श्रद्धालु हैं, जो इस पूरे घटनाक्रम से आहत हैं, वे सभी यह कैंपेन करेंगे। इस सिग्नेचर कैंपेन में एक आम नागरिक की प्रधानमंत्री मोदी के नाम एक चिट्ठी है।

केजरीवाल ने बताया कि ये पत्र साइन किए जाएंगे, हम घर-घर जाएंगे और दिल्ली सहित हर जगह हजारों की संख्या में हनुमान चालीसा के पाठ रखे जाएंगे। लोग हनुमान चालीसा पढ़ेंगे और उसके बाद इस पत्र पर साइन करेंगे। इसके बाद ये सभी पत्र प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story