कथित दवा घोटाले पर चर्चा की मांग उठाने पर आआपा विधायकों को सदन से बाहर निकालाः संजीव झा

WhatsApp Channel Join Now
कथित दवा घोटाले पर चर्चा की मांग उठाने पर आआपा विधायकों को सदन से बाहर निकालाः संजीव झा


नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) विधायक दल के चीफ व्हिप संजीव झा ने कहा कि दिल्ली सरकार के 650 करोड़ रुपये के दवा घोटाले पर शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा के सदन में चर्चा की मांग करने पर आम आदमी पार्टी के विधायकों को मार्शल आउट कर दिया गया।

आआपा विधायक संजीव झा ने कहा कि 100 करोड़ की दवाइयां 400 करोड़ रुपये में खरीदी गई और उपकरण भी कई गुना रेट पर खरीदे गए, अब सरकार इसमें लीपापोती कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना प्रश्नकाल के विधानसभा का सत्र बुलाकर अपनी जवाबदेही से भाग रही है। लगातार दो सत्र से प्रश्नकाल नहीं रखा जा रहा है और घोटालों पर चर्चा भी नहीं होने दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जब प्रश्नकाल ही नहीं होगा, तो सरकार की जवाबदेही कैसे तय होगी?

मार्शल आउट किए जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक संजीव झा ने कहा कि पोर्टेबल वेंटिलेटर 10 से 20 गुने रेट पर खरीदे गए और कागजों में 400 करोड़ रुपये की दवाइयों की खरीद दिखाकर असल में केवल 100 करोड़ रुपये की दवाइयां ही खरीदी गई। लेकिन सरकार अब इस पूरे घोटाले की जांच नही कर रही है।

संजीव झा ने कहा कि यह लगातार दूसरा सत्र है जिसमें यह सरकार प्रश्नकाल नहीं रख रही है। सरकार केवल इसलिए प्रश्नकाल नहीं रख रही क्योंकि वह अपनी जवाबदेही से डरकर भाग रही है। सरकार नहीं चाहती कि दिल्ली के लोगों को यह पता चले कि वास्तव में यह घोटाला कैसे हुआ है और इसके लिए अधिकारियों व सरकार की जिम्मेदारी तय हो सके।

उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायकों ने अध्यक्ष के सामने सदन के सारे काम रोककर रूल 59 के तहत इस 650 करोड़ रुपये के घोटाले पर चर्चा कराने की मांग की। लेकिन चर्चा कराना से पहले ही सिर्फ मांग करने पर ही सदन से मार्शल आउट कर दिया गया।

संजीव झा ने कहा कि 20 महीनों के दौरान सदन में केवल एक बार प्रश्नकाल रखा गया और उसमें भी सरकार की तरफ से किसी सवाल का एक भी जवाब नहीं आया। उन्होंने कहा कि अगर प्रश्नकाल ही नहीं होगा, तो आखिर इस सरकार की जवाबदेही कैसे तय होगी?

झा ने कहा कि अध्यक्ष की जिम्मेदारी है कि वे सदन में सरकार की जवाबदेही तय कराएं। बिना प्रश्नकाल के घोटालों पर सरकार की जवाबदेही कैसे तय की जाएगी?

इस दौरान विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि सरकार ने दवाइयों, ओआरएस के घोल और पोर्टेबल मशीनों की खरीद में बड़ा घोटाला किया है। सदन में मांग की कि इस मुद्दे पर चर्चा कराई जाए, लेकिन उन्होंने दो सदस्यों को बाहर निकाल दिया। दोबारा चर्चा की मांग पर अध्यक्ष ने मार्शल आउट कराने की धमकी दी।

कुलदीप कुमार ने कहा कि आआपा के विधायकों ने सदन में सभी मुद्दों पर चर्चा की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story