एमसीडी सदन में सवालों से बच रही सरकार : अंकुश नारंग

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी सदन में सवालों से बच रही सरकार : अंकुश नारंग


एमसीडी सदन में सवालों से बच रही सरकार : अंकुश नारंग


नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि दिल्ली में सड़क से लेकर सदन तक सरकार सवालों से बचने के लिए दबाव की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को आआपा पार्षदों को सदन में जाने से रोकने का प्रयास किया गया और पार्षदों के मंत्री प्रवेश वर्मा तथा अवैध पीजी का मुद्दा उठाने पर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि एमसीडी के सुरक्षा कर्मियों ने आप पार्षदों को सदन में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सदन में सवाल पूछना जनप्रतिनिधियों का अधिकार है और सरकार को जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक 22 वर्षीय युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। नारंग ने प्रवेश वर्मा को निलंबित करने, पार्टी से निष्कासित करने और संबंधित युवक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

नारंग ने कहा कि जब आआपा पार्षद सदन में पहुंचे तो कार्यवाही स्थगित कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आआपा सत्य निकेतन और भाजपा विधायक अनिल शर्मा से जुड़े बताए जा रहे पीजी समेत अवैध पीजी का मुद्दा उठाने वाली थी। उन्होंने कहा कि अवैध पीजी और निर्माण के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।

आआपा नेता ने आरोप लगाया कि दिल्ली में होने वाले हादसों के पीछे नेताओं, पार्षदों और एमसीडी अधिकारियों का गठजोड़ जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि सत्ता से जुड़े लोगों पर आरोप होने की स्थिति में भी कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए।

नारंग ने कहा कि सदन ताले और दबाव से नहीं, बल्कि सवालों और जवाबदेही से चलता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story