नीट अभ्यर्थी की आत्महत्या के बाद परिजनों से मिले सौरभ भारद्वाज, सरकार से सख्त कदम उठाने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
नीट अभ्यर्थी की आत्महत्या के बाद परिजनों से मिले सौरभ भारद्वाज, सरकार से सख्त कदम उठाने की अपील


नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को लाल बाग में नीट (यूजी) परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या कर लेने वाली एक अभ्यर्थी के परिवार से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद सौरभ भारद्वाज ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि पीड़िता कई वर्षों से एमबीबीएस में प्रवेश के लिए तैयारी कर रही थी और यह उसका अंतिम अवसर था। पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद वह बेहद व्यथित हो गई थी और अत्यधिक मानसिक तनाव में थी। अंत में उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

भारद्वाज ने कहा कि अब विभिन्न हिस्सों से ऐसी ही घटनाओं की रिपोर्ट सामने आ रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से सख्त और ठोस कदम उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी मामूली प्रोफेसर को गिरफ्तार कर उसे पूरे मामले का “मास्टरमाइंड” बताना बिल्कुल गलत है। असली मास्टरमाइंड पर्दे के पीछे काम करने वाले शक्तिशाली और प्रभावशाली लोग हैं।

आआपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार को हमारे युवाओं को आश्वस्त करना चाहिए कि अब से किसी भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं होगा।

सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह युवाओं से अपील करे कि वे ऐसे कठोर और जीवन समाप्त करने वाले कदम न उठाएं।

आआपा नेता ने मामले की निष्पक्ष और तेज जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story