केजरीवाल ने गुजरात कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर जताई चिंता, मुख्यमंत्री से मांगा मिलने का समय
नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संजोयक अरविंद केजरीवाल ने विधायकों और कार्यकर्ताओ की गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से पत्र लिखकर मिलने का समय मांगा। उन्होंने कहा कि उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उनसे मिलेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जारी अपने पत्र में कहा है कि गुजरात में पंचायत और नगर पालिका चुनावों के पहले अवैध रूप से बड़े स्तर पर आआपा के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। सरकार आआपा की बढ़ती लोकप्रियता से डर गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि, अगर विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जेल भेजकर ही सरकार चुनाव जीतना चाहती है तो चुनाव कराने की ही क्या जरूरत है?
उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों में आम आदमी पार्टी के 160 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्हें जानकारी मिली है कि आने वाले दिनों में पार्टी के 10 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने की योजना बनाई जा रही है। गुजरात पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष ईनगढ़ी को भी गिरफ्तार कर लिया था और देर रात छोड़ दिया। ईनगढ़ी अपने कार्यकर्ताओं की अवैध गिरफ्तारी की जानकारी लेने थाने गए थे।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गुजरात पुलिस की कार्रवाई स्थानीय निकाय चुनाव से पहले और तेज हो गई है। पिछले 48 घंटों में पार्टी कार्यकर्ताओं की तीन मामलों में गिरफ्तारी हुई है। इनमें 31 मार्च को खंभालिया से दीपक सिंह, 30 और 31 मार्च को पोरबंदर से पवन और जगदीश तथा जामनगर से नवीन कावरान, मुना कुमार, आलोक सिंह और सुनीलराज को गिरफ्तार किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

