आआपा ने निगम की बैठक में दिल्ली के गंभीर मुद्दों पर चर्चा की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
आआपा ने निगम की बैठक में दिल्ली के गंभीर मुद्दों पर चर्चा की मांग की


नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मुख्यालय सिविक सेंटर में गुरुवार को सदन की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में आम आदमी पार्टी (आआपा) के सभी पार्षदों ने दिल्ली में बढ़ते अग्निकांड को लकेर विरोध प्रदर्शन किया साथ ही अयोध्या राम मंदिर में कथित तौर पर हुई चोरी का मुद्दा भी उठाया।

आम आदमी पार्टी (आआपा) के नेता और दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आज एमसीडी सदन बैठक में दिल्ली में लगातार हो रही इमारत ध्वस्त होने की घटनाओं, भीषण अग्निकांडों, मानसून में जलभराव और अयोध्या राम मंदिर के चंदे में हुई चोरी जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की मांग की।

अंकुश नारंग ने कहा कि सरकार जनता के सभी सवालों से भागती है। उन्होंने कहा कि अभी तक सरकार ने हादसों पर जवाब नहीं दिया। जलभराव पर जवाब नहीं और राम मंदिर के चंदे में हुई चोरी पर भी जवाब नहीं। उन्होंने कहा कि जब भी जवाबदेही की बात आती है, सरकार सदन छोड़कर भाग जाती है और लोकतांत्रिक परंपराओं का गला घोंटती है।

नारंग ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनता की सुरक्षा से खिलवाड़, जवाबदेही से पलायन और सच पर पर्दा डालने की राजनीति कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story