इमारतों के मुद्दे पर हेलमेट पहनकर स्थायी समिति की बैठक में पहुंचे आआपा पार्षदों को रोका गया

WhatsApp Channel Join Now
इमारतों के मुद्दे पर हेलमेट पहनकर स्थायी समिति की बैठक में पहुंचे आआपा पार्षदों को रोका गया


इमारतों के मुद्दे पर हेलमेट पहनकर स्थायी समिति की बैठक में पहुंचे आआपा पार्षदों को रोका गया


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में लगातार हो रहे इमारत हादसों और उनमें लोगों की मौत के विरोध में आम आदमी पार्टी (आआपा) के पार्षद गुरुवार को हेलमेट पहनकर दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक में पहुंचे। आआपा नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने सुरक्षा कर्मियों के माध्यम से पार्षदों को हेलमेट और विरोध से संबंधित सामग्री के साथ बैठक में प्रवेश करने से रोक दिया। आआपा पार्षदों ने निगम पर जनता की आवाज दबाने और इमारत हादसों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली में लगातार इमारतें गिर रही हैं और हादसों में लोगों की जान जा रही है, लेकिन नगर निगम इस समस्या पर गंभीरता से कार्रवाई करने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हेलमेट पहनकर बैठक में पहुंचे पार्षदों को सुरक्षा कर्मियों ने रोक दिया और उनके प्लेकार्ड तथा दस्तावेज भी ले लिए। नारंग ने कहा कि आआपा पार्षद इमारतों के अवैध निर्माण और निगम के भवन विभाग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल उठाना चाहते थे।

नारंग ने कहा कि शाहदरा उत्तर क्षेत्र में हाल ही में हुए इमारत हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी, जिनमें तीन वर्ष का बच्चा भी शामिल था। इससे पहले चावड़ी बाजार, दक्षिणी क्षेत्र और सत्य निकेतन में भी इमारत गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने महापौर प्रवेश वाही और स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा पर हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी।

वहीं, एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने दावा किया कि दिल्ली में इमारत गिरने की घटनाओं में अब तक करीब 80 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों में छह इमारतें गिरने और 25 से अधिक लोगों की मौत होने की जानकारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और महापौर प्रवेश वाही पर दिल्ली में इमारतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने महापौर से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि हादसों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि सत्य निकेतन हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होने देने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद इमारत गिरने की घटनाएं जारी हैं। उन्होंने जिम्मेदार पदाधिकारियों से इस्तीफे की मांग भी की।

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने मांग की कि दिल्ली में इमारत हादसों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय हो तथा खतरनाक इमारतों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780118 Articles

Share this story