ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर आआपा पार्षदों का एमसीडी सदन में प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर आआपा पार्षदों का एमसीडी सदन में प्रदर्शन


ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर आआपा पार्षदों का एमसीडी सदन में प्रदर्शन


नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित सदन की मासिक बैठक में आम आदमी पार्टी (आआपा) के पार्षदों ने ई-20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्षदों ने हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी की और ई-20 पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों को होने वाले संभावित नुकसान को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांगा।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि यदि ई-20 पेट्रोल पर्यावरण के लिए बेहतर है तो सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या देश में चल रहे सभी वाहन इसके अनुकूल हैं। उन्होंने सवाल किया कि ई-20 के इस्तेमाल से यदि वाहनों को नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की इस नीति से आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। नारंग ने दावा किया कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण वाहनों की माइलेज कम हो रही है और लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

नारंग ने दिल्ली में जलभराव के मुद्दे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में जलभराव पर चर्चा की मांग के बीच सरकार ने आनन-फानन में एजेंडा पारित कर बैठक स्थगित कर दी। उन्होंने कहा कि सरकार दिल्ली की जनता से जुड़े सवालों का जवाब देने से बच रही है। नारंग ने कहा कि बारिश के बाद दिल्ली की कई सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं, जबकि उन्होंने जलभराव की समस्या खत्म करने का दावा किया था।

आआपा के एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार नहित से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने से बचती है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, ई-20 और अन्य जनसरोकार के मुद्दे सामने आते ही सरकार उनसे भागने लगती है। उन्होंने दावा किया कि ई-20 पेट्रोल के कारण लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं और माइलेज घटने से वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब पार्षद जनता की समस्याओं को सदन में उठाते हैं तो उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है।

प्रवीण कुमार ने कहा कि सदन में आआपा पार्षद ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का मुद्दा उठाया तो बैठक को भंग कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर सदन में चर्चा होनी चाहिए और जनता तथा पार्षदों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।

एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि ई-20 को लेकर देशभर में लोगों के बीच चिंता है।

उन्होंने बताया कि ई-20 के विरोध में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में एक अगस्त को आंदोलन किया जाएगा और लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story