एमसीडी के विशेष सदन का आम आदमी पार्टी ने किया बहिष्कार

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी के विशेष सदन का आम आदमी पार्टी ने किया बहिष्कार


नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के विशेष सदन का बहिष्कार किया। आआपा के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि सदन की बैठक अचानक इसलिए बुलाई गई ताकि पार्टी के पार्षद जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल न हो सकें।

अंकुश नारंग ने दावा किया कि आआपा जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही थी। उन्होंने कहा कि इसी दौरान एमसीडी का विशेष सदन बुलाया गया, जिसे उन्होंने राजनीतिक कदम बताया।

उन्होंने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एमसीडी में राजनीति करने के बजाय दिल्ली की सफाई, कूड़ा, जलभराव, प्रदूषण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

अंकुश नारंग ने दावा किया कि जंतर-मंतर जाने वाले युवाओं और प्रदर्शनकारियों को विभिन्न स्थानों पर रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की चेतावनी भी दी गई।

उन्होंने दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर भी पुलिस पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने वाले युवाओं को रोका जा रहा है।

नारंग ने आरोप लगाया कि एमसीडी दिल्ली की बुनियादी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि सड़कों और गलियों में कूड़ा, जलभराव और अन्य नागरिक समस्याएं बनी हुई हैं।

उन्होंने दावा किया कि बारिश के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति सामने आई और भाजपा को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

आआपा नेता ने आरोप लगाया कि विशेष सदन की बैठक में भाजपा के केवल कुछ पार्षद ही मौजूद थे और बैठक से जनता के हित में कोई सार्थक परिणाम नहीं निकला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story