आआपा ने दिल्ली में गाद निकासी में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने राष्ट्रीय राजधानी में नालों से गाद निकालने के काम में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद नालों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और पैसा केवल कागजों में ही खर्च किया गया।
सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गाद निकालने के नाम पर बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है और कई नाले वास्तव में साफ नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में उच्च न्यायालय ने आदेश दिया था कि गाद निकालने से जुड़े काम का थर्ड पार्टी ऑडिट कराया जाए। इसके बावजूद लिखित रूप से मांग किए जाने के बाद भी थर्ड पार्टी ऑडिट नहीं कराया गया। भारद्वाज ने कहा कि इस साल भी अब तक ऑडिट के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
आआपा नेता ने कहा कि अगर सरकार गाद निकासी के काम का ऑडिट नहीं कराना चाहती तो इससे यह सवाल उठता है कि क्या सरकार उस कथित भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगाना चाहती। उन्होंने कहा कि जब तक इस तरह की कथित लूट पर रोक नहीं लगेगी, तब तक दिल्ली में जलभराव की समस्या बनी रहेगी।
साथ ही झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राज्य सरकार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सकारात्मक और खुले तौर पर बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में विरोध करने वाले हर व्यक्ति को विदेशी फंडिंग से जुड़ा हुआ या 'डीप स्टेट' का हिस्सा बताना गलत है।
उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से सुनना चाहिए और बातचीत के जरिए उनकी समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए। भारद्वाज ने ऐसे आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की भी मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

