आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर रामलीला की अनुमति रद्द करने का लगाया आरोप

WhatsApp Channel Join Now
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर रामलीला की अनुमति रद्द करने का लगाया आरोप


नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में रामलीला आयोजन की अनुमति रद्द किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे एक वीडियो और रामलीला आयोजकों के आरोपों के आधार पर मुख्यमंत्री पर सवाल उठाए हैं और उनसे सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग की।

आआपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो में रेखा गुप्ता को भगवान राम के संदर्भ में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बाद में वीडियो को एआई से बनाया बताया।

आआपा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने इस मामले में मुख्यमंत्री से माफी मांगने की मांग की और कहा कि यदि वीडियो फर्जी है, तो उन्हें कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।

सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि शालीमार बाग क्षेत्र के एक रामलीला आयोजन से जुड़े पिता-पुत्री का वीडियो सामने आ रहा है। वीडियो में युवती के अनुसार, आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों से विभिन्न अनुमतियां ली गई थीं और कार्यक्रम की तैयारियों पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे। उन्होंने कहा कि आरोप है कि कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले अनुमति रद्द कर दी गई, जिसके कारण आयोजन नहीं हो सका।

आआपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि धार्मिक आयोजनों के लिए अनुमति देने और आयोजन स्थलों के आवंटन में पक्षपात किया जा रहा है। उन्होंने रामलीला के साथ-साथ कांवड़ शिविरों और छठ पूजा समितियों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी आयोजन की अनुमति रद्द की जाती है, तो समान परिस्थितियों में दूसरे आयोजनों के संबंध में भी समान नियम लागू होने चाहिए।

उन्होंने कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही, यमुना की सफाई और वायु प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story