भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र

भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को 24 पेज लंबा संकल्प पत्र (चुनावी घोषणा पत्र) जारी किया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में संकल्प पत्र जारी किया गया। इसमें कहा गया कि दिल्ली एमसीडी की सभी सेवाओं को 100 दिनों के भीतर मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा।

भाजपा नेता ने कहा कि संकल्प पत्र बनाने के लिए जनता से फीडबैक लिया गया, भाजपा के सांसदों, विधायकों, ट्रेड विंग और हर क्षेत्र के लोगों से राय ली गई। भाजपा ने 1000 जगहों पर सुझाव बॉक्स लगाए थे, जिससे लोगों की राय मिल सके। भाजपा नेता ने कहा कि संकल्प पत्र के लिए भाजपा ने जन भावना का पूरा ख्याल रखा है। चुनाव के लिए डिजिटल घोषणपत्र बनाया गया है, बारकोड को स्कैन करके इसे डाउनलोड किया जा सकता है। निगम एकीकृत करने के बाद ये पहला चुनाव है।

भाजपा का 12 सूत्रीय ‘संकल्प पत्र’ कुछ इस प्रकार

-निगम में ई-गवर्नेंस को और सुचारू बनाएंगे, जन्म-मृत्य हाउस टैक्स जो पहले से ऑनलाइन है, उसे 100 दिन के भीतर मोबाइल एप के जरिये उपलब्ध कराएंगे।

-प्रदूषण नियंत्रण में निगम पूरा सहयोग करेगा, दिल्ली के सस्टेनेबल विकास और ग्रीन दिल्ली बनाने की ओर आगे बढ़ेंगे, कूड़े से बिजेली बनाएंगे।

-हर बेघर को मकान बनाकर देंगे, 17 हजार मकान बनकर तैयार हैं, 35 योजनाएं प्रोसेस में है, जहां झुग्गी वहीं मकान होंगे।

-अनाधिकृत कॉलोनी का 18 साल का हाउस टैक्स माफ होगा, अप्रूव कॉलोनियों में 6 साल का हाउस टैक्स माफ किया जाएगा, कोई पेनल्टी या टैक्स नहीं लिया जाएगा।

-दिल्ली के साप्ताहिक बाजारों का नियमतिकरण होगा। दिल्ली में 1 लाख फैक्ट्री और 35 इंडस्ट्रियल एरिया हैं,फैक्ट्री लाइसेंस को पूरी तरह समाप्त करेंगे।

-रूरल इलाकों, जेजे कॉलोनी, अनाधिकृत कॉलोनी को दिए जाने वाले फंड को दिल्ली सरकार ने रोका है, इनमें हम तेजी लाएंगे।

-महिलाओं के स्वास्थ्य और उनके गरिमापूर्ण जीवन के लिए 50 जन रसोई , 130 महिला क्लिनिक में आयरन और विटामिन दी जाएगी, अन्नपूर्णा योजना के तहत हर गरीब को 5 रुपये में भर पेट भोजन दिया जाएगा।

-लड़कियों को फ्री साइकल और गरीब विधवा महिलाओं की बेटियों की शादी के लिए 30 हज़ार से बढकर 50 हज़ार रुपए करेंगे।

-निगम के स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाएंगे। निगम की स्वास्थ्य सुविधाओं का आधुनिकीकरण करेंगे और जन औसधि से जोड़ेंगे।

दिल्ली में पार्किंग की बड़ी समस्या है, 100 से ज्यादा मल्टी पार्किंग बनाई गई है, नई जगहों और बड़े बाजारों में और पार्किंग बनाएंगे।

-1000 स्थाई छठ घाट बनाए जाएंगे।

भाजपा का घोषणा पत्र जारी करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि दिल्ली की सरकार ने जिस तरह के भ्रष्टाचार वाले काम किए हैं, उससे देश भर में दिल्ली की छवि और राजनेताओं की छवि को धक्का लगा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की लिकर पॉलिसी में जो भ्रष्टाचार किए उसका ये लोग कोई जवाब नहीं दे पाए। टिकट बंटवारे में भी आम आदमी पार्टी ने पैसे लिए। एक मंत्री जेल में क्या क्या कर रहा है उसका जवाब नहीं दे पा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story