बिना लाइसेंस पटाखे बेचने जा रहा था, थ्री-वीलर से 66 किलो पटाखे बरामद

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के विजय विहार इलाके में पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस पटाखे रखने और उन्हें बिक्री के लिए ले जाने के आरोप में 33 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के थ्री-वीलर से 66 किलो अलग-अलग तरह के पटाखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पटाखों के साथ उनके परिवहन में इस्तेमाल थ्री-वीलर को भी जब्त कर लिया है। आरोपित की पहचान रम्पुरा निवासी विजेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर की रात विजय विहार इलाके में एक पार्क के पास पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे एक थ्री-वीलर खड़ा दिखाई दिया। उसका चालक गाड़ी के अंदर बैठा था। पुलिसकर्मियों ने उससे वहां खड़े होने और गाड़ी में रखे सामान के बारे में पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

पुलिस को संदेह होने पर थ्री-वीलर की तलाशी ली गई। इस दौरान गाड़ी के अंदर अलग-अलग तरह के पटाखे मिले, जिनका कुल वजन 66 किलो था। पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर बताया कि वह बिना वैध लाइसेंस के पटाखे बिक्री के लिए लेकर आया था।

पुलिस ने पटाखों और उनके परिवहन में इस्तेमाल किए गए थ्री-वीलर को जब्त कर लिया। मामले में 21 अक्टूबर को विजय विहार थाने में विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story