एमसीडी के दिवंगत कर्मचारियों के 65 आश्रितों को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी के दिवंगत कर्मचारियों के 65 आश्रितों को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति


एमसीडी के दिवंगत कर्मचारियों के 65 आश्रितों को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में कार्यरत दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को राहत देते हुए महापौर प्रवेश वाही ने 65 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के पद पर नियुक्ति की स्वीकृति प्रदान की है। इन सभी की नियुक्ति निगम के इंजीनियरिंग विभाग में की जाएगी।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है। जिन कर्मचारियों ने दिल्ली की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया, उनके परिवारों की देखभाल करना निगम का नैतिक कर्तव्य है। अनुकंपा के आधार पर दी जाने वाली यह नियुक्ति दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के प्रति निगम की जिम्मेदारी और सम्मान का प्रतीक है।

महापौर ने कहा कि इन 65 आश्रितों की नियुक्ति से उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही निगम के इंजीनियरिंग विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी। एमटीएस के रूप में नियुक्त होने वाले कर्मचारी सड़कों, नालों, भवनों और जनसुविधाओं के रखरखाव से जुड़े कार्यों में योगदान देंगे।

उन्होंने बताया कि अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए निगम प्रशासन विशेष अभियान चला रहा है। पात्रता की जांच के बाद 65 मामलों को स्वीकृति दी गई है। शेष पात्र मामलों का भी नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।

महापौर ने सभी 65 आश्रितों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने दिवंगत परिजनों की तरह ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ दिल्ली की सेवा करेंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story