दिल्ली में 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक के लिए ईएफसी ने स्वीकृत किए 266.26 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में पहले चरण में 500 सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाने का निर्णय लिया है। इनका निर्माण दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग के माध्यम से किया जाएगा। पहले चरण के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद शेष 500 सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक दूसरे चरण में बनाए जाएंगे। इस योजना के लिए सरकार की व्यय वित्त समिति (ईएफसी) ने 266.26 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। यह जानकारी एक विज्ञप्ति के जरिए दी गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक, दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) की इस परियोजना में भूमिका इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं को विकसित करने के लिए एकीकृत दृष्टिकोण की आवश्यकता है। राजधानी के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विरासत क्षेत्रों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और पर्यटक आवागमन वाले क्षेत्रों में आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं का विकास दिल्ली को पर्यटकों के लिए अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनाने में मदद करेगा। इन सार्वजनिक शौचालय ब्लॉकों में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालयों के साथ दिव्यांगजनों सहित सभी लोगों के सुगम उपयोग के लिए रैंप की व्यवस्था होगी। प्रत्येक शौचालय ब्लॉक में केयरटेकर रूम और चौकीदार के लिए भी स्थान होगा। नागरिकों और पर्यटकों की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक दुकान का प्रावधान किया गया है, जहां स्नैक्स, पेय पदार्थ और दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुएं उपलब्ध होंगी। महिलाओं की सुविधा के लिए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन और इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के उचित निपटान के लिए सैनिटरी पैड इनसिनरेटर मशीन की व्यवस्था होगी।

प्रस्तावित शौचालय ब्लॉकों में सोलर पैनल, सीसीटीवी और मैकेनिकल वेंटिलेशन सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी होंगी। नागरिकों और पर्यटकों को सूचना उपलब्ध कराने के लिए आउटडोर-टाइप वीडियो वॉल डिस्प्ले बोर्ड लगाया जाएगा। परियोजना में भवन निर्माण के साथ बागवानी और फर्नीचर संबंधी कार्य भी शामिल हैं। इनमें 200 टॉयलेट ब्लॉक्स मार्केट्स क्षेत्र में, 97 हाईवे पर, 57 कमर्शियल व इंडस्ट्रियल इलाकों में, 50 पर्यटन स्थलों के आसपास, 9 बड़े पार्कों आदि के पास स्थापित किए जाएंगे। अगर क्षेत्रवार बात करें तो 93 टॉयलेट ब्लॉक्स दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में, 90 उत्तर-पश्चिम, 72 पश्चिम क्षेत्र, 51 दक्षिण, 49 दक्षिण पूर्व, 40 नई दिल्ली, 39 मध्य दिल्ली आदि क्षेत्र में बनाए जाएंगे। निर्माण कार्य को 14 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story