दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का हो रहा है विकास, 8976 करोड़ की परियोजनाओं पर काम जारी
नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में रेलवे परियोजनाओं पर करीब 8,976 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली में रेलवे विकास के लिए 2,711 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट निर्धारित करने के लिए आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, नई रेल सेवाओं, यात्री सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने से दिल्ली की रेल कनेक्टिविटी और अधिक बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के रेल नेटवर्क को मजबूत बनाने के क्रम में पिछले दिनों नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ करने से दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस ट्रेन में स्वचालित दरवाजे, कवच सुरक्षा प्रणाली और आरामदायक बर्थ जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे पर्यटन, व्यापार, धार्मिक यात्राओं और क्षेत्रीय आवागमन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
रेल मंत्रालय का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दिल्ली में रेलवे परियोजनाओं पर करीब 8,976 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। इनमें रेलवे ट्रैक के विस्तार, स्टेशनों के पुनर्विकास, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किया जा रहा है। इनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर दिल्ली शामिल हैं। इन स्टेशनों पर प्रवेश व निकास व्यवस्था को बेहतर बनाने, स्टेशन भवनों के आधुनिकीकरण, प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सुविधाएं, प्लेटफॉर्म शेड, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही पार्किंग, दिव्यांगजन के लिए सुगम पहुंच, बेहतर यात्री सूचना प्रणाली और शहर के दोनो ओर स्टेशन की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की ओर होल्डिंग एरिया का निर्माण पूरा हो चुका है। स्टेशन पर आगे के निर्माण कार्यों के तहत डबल बेसमेंट और एलिवेटेड रोड की नींव का काम शुरू किया गया है। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन सहित राजधानी के अन्य प्रमुख स्टेशनों को भी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की योजना है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सराय काले खां की ओर दूसरे प्रवेश द्वार का पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके तहत नई सीढ़ियां, एस्केलेटर, लिफ्ट, टिकट बुकिंग कार्यालय, शौचालय और फुट ओवरब्रिज के विस्तार जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। दिल्ली कैंट स्टेशन पर नए स्टेशन भवन, आगमन एवं प्रस्थान कॉनकोर्स, एलिवेटेड रोड, प्लेटफॉर्म के सुधार और अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
इसके अलावा सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर स्टेशन भवन के निर्माण और सिग्नल एवं दूरसंचार भवन के कार्य पूरे किए जा चुके हैं। बिजवासन स्टेशन पर स्टेशन भवन का संरचनात्मक कार्य पूरा हो चुका है, जबकि प्लेटफॉर्म शेड, सबवे और अन्य सुविधाओं का विकास जारी है। नरेला, सब्जी मंडी और तिलक ब्रिज स्टेशनों पर नए स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, आधुनिक शौचालय, पार्किंग, लिफ्ट और दिव्यांगजन सुविधाओं के कार्य भी प्रगति पर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

