(लीड) मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
(लीड) मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का किया उद्घाटन


नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शुभारंभ किया। उन्होंने हैदरपुर के नेहरू कैंप में दो नवनिर्मित शिशु वाटिकाओं, पीतमपुरा की जीपी ब्लॉक की सेवा बस्ती में नवनिर्मित जन सुविधा परिसर और शालीमार बाग स्थित एओ ब्लॉक की सेवा बस्ती में नवीनीकृत जन सुविधा परिसर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने कस्तूरबा गांधी पॉलिटेक्निक, पीतमपुरा में अर्पण केंद्र का शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने नेहरू कैंप स्थित दो शिशु वाटिकाओं उद्घाटन करते हुए कहा कि इन दोनों वाटिकाओं में मिट्टी भराई, घास एवं पौधारोपण, फुटपाथ निर्माण, बच्चों के लिए झूले, नए बेंच, ग्रिल और गेट पर पेंटिंग, पौधों की सिंचाई के लिए बोरवेल तथा बेहतर लाइट व्यवस्था जैसे कार्य किए गए हैं। इन वाटिकाओं के विकसित होने से क्षेत्र के बच्चों को खेलने-कूदने के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा स्थित जीपी ब्लॉक की सेवा बस्ती में जन सुविधा परिसर का उद्घाटन करते हुए बताया कि इस परिसर में कुल 40 शौचालय बनाए गए हैं, जिनमें 19 महिलाओं और 21 पुरुषों के लिए हैं। इसके अतिरिक्त महिलाओं के लिए छह और पुरुषों के लिए तीन स्नानघर भी उपलब्ध कराए गए हैं। इस परिसर के निर्माण से स्थानीय निवासियों को स्वच्छता और दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने शालीमार बाग की एओ ब्लॉक की सेवा बस्ती में भी 49 सीटों वाले जन सुविधा परिसर को भी जनता को समर्पित किया। इस परिसर में महिलाओं के लिए 22 और पुरुषों के लिए 27 शौचालय हैं। इसके अलावा महिलाओं के लिए चार तथा पुरुषों के लिए तीन स्नानघर की सुविधा उपलब्ध है।

मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा स्थित कस्तूरबा गांधी पॉलिटेक्निक में अर्पण केंद्र का भी शुभारंभ करते हुए कहा कि इस केंद्र के माध्यम से पुराने और प्रयोग में न आ रहे कपड़ों को नया जीवन देना, टेक्सटाइल वेस्ट (कपड़े का कचरा) कम करना और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का विकास केवल बड़ी परियोजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तविक विकास तब दिखाई देता है जब आम नागरिक को अपने आसपास बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित पार्क और आधुनिक जन सुविधाएं मिलती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रत्येक विधानसभा और बस्ती में नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग और हर क्षेत्र तक पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story