(लीड) उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कई स्वास्थ्य सेवाओं का किया शुभांरभ, आशा कार्यकर्ता का मानदेय हुआ छह हजार रुपये
नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आशा सम्मेलन में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई पहलों की शुरुआत के साथ आशा कार्यकर्ता का मासिक मानदेय 3,000 से बढ़ाकर 6,000 किया गया है। उन्होंने अनमोल योजना का विस्तार, जीबी पंत अस्पताल में सोट्टो सेंटर और नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का शुभांरभ किया। यह कार्यक्रम त्यागराज स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपराज्यपाल ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और सशक्त दिल्ली की आधारशिला हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुरू की गई स्वास्थ्य योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक तकनीक, प्रभावी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों और मानवीय दृष्टिकोण के समन्वय से दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की अग्रिम पंक्ति में रहकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं एवं जागरूकता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके मासिक मानदेय को 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया जाना उनके योगदान और समर्पण के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने नवजात शिशुओं में शुरुआती स्तर पर स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान और समय पर उपचार के लिए अनमोल पहल और जीबी पंत अस्पताल में सोट्टो के नवनिर्मित केंद्र की सराहना की, जो अंगदान और प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण और नवीनीकरण जैसी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन एवं पारदर्शी बनाया गया है, जिससे प्रक्रियाएं सरल होंगी, अनावश्यक प्रशासनिक बाधाएं कम होंगी और निगरानी बेहतर होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान केवल चिकित्सा प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता, संवेदना और जीवन के प्रति सम्मान का प्रतीक है। किसी व्यक्ति के निधन के बाद उसके अंग जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकते हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं सोटो पोर्टल के माध्यम से देहदान का पंजीकरण कराया है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों तक अंगदान का संदेश पहुंचाने तथा इच्छुक लोगों को इसकी प्रक्रिया की जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का संकल्प किसी दूसरे के जीवन में नई उम्मीद और नई शुरुआत बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं की सफलता में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्ली की आशा बहनें बड़ी बहन की तरह हर परिवार तक पहुंचकर स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देंगी और लोगों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार, स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों के मिलकर काम करने से दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने आशा बहनों के सेवा भाव और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि जो बहनें दिल्ली के परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता करती हैं, उनके सम्मान और कल्याण की चिंता करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को हर घर के दरवाजे तक पहुंचाने वाली 6,690 आशा कार्यकर्ताओं के समर्पण और अटूट सेवा भावना का सम्मान करते हुए दिल्ली सरकार ने उनका मासिक प्रोत्साहन भत्ता 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और आगामी नवरात्रि उत्सव के दौरान उनके लिए एक विशेष डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा भी की।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 6,690 आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये करना, मिशन अनमोल का विस्तार, नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का शुभारंभ और जीबी पंत अस्पताल में सोट्टों का उद्घाटन जन-केंद्रित एवं तकनीक-सक्षम स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि का विषय करीब एक दशक से लंबित था। कोरोना के कठिन दौर में भी इन कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा से सेवा की, लेकिन उनके सम्मान और प्रोत्साहन के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। वर्तमान सरकार ने इस लंबित विषय को पूरा कर उनके योगदान का सम्मान किया है।
उन्होंने बताया कि मिशन अनमोल के तहत जन्म के 24-72 घंटे के भीतर 63 प्रकार की जन्मजात स्वास्थ्य समस्याओं की स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने ‘अंगदान महादान’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संकल्प को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि काम, परिणाम और दिल्लीवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

