शैक्षणिक संस्थानों व उनके आसपास एमसीडी ने चलाया विशेष सफाई अभियान

WhatsApp Channel Join Now
शैक्षणिक संस्थानों व उनके आसपास एमसीडी ने चलाया विशेष सफाई अभियान


शैक्षणिक संस्थानों व उनके आसपास एमसीडी ने चलाया विशेष सफाई अभियान


नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के छह दिवसीय विशेष गहन सफाई अभियान के पांचवें दिन शुक्रवार को स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य प्रमुख संस्थागत क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। निगम के सभी 12 क्षेत्रों में संचालित इस अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों के संपर्क मार्गों, फुटपाथों, सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट और आसपास के क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया।

दक्षिण क्षेत्र में साउथ कैंपस के कॉलेजों, वसंत विहार, तिगड़ी एमबी रोड स्थित सत्य नारायण मंदिर के निकट, बीआईसीआईटी कैंप तथा हेरिटेज स्कूल के आसपास सफाई अभियान चलाया गया। इसमें करीब 250 सफाई कर्मचारियों को 23 टिपर और 11 पानी के टैंकरों के साथ तैनात किया गया। इस दौरान लगभग 35 किलोमीटर सड़कों की सफाई की गई। साथ ही सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथों और सड़क किनारे से करीब आठ मीट्रिक टन धूल तथा तीन मीट्रिक टन कूड़ा एवं अपशिष्ट हटाया गया। पानी के टैंकरों से लगभग 35 किलोमीटर सड़कों की धुलाई भी की गई।

पूर्वी क्षेत्र में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, विश्वास नगर वार्ड संख्या 207 और अरुणोदय पब्लिक स्कूल के आसपास सफाई अभियान चलाया गया। वहीं, उत्तर पूर्वी क्षेत्र में विवेक विहार स्थित आईटीआई परिसर और विश्व स्तरीय कौशल केंद्र के सामने विशेष सफाई की गई। इसमें विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी की। प्रमुख सड़कों पर सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2,235 सफाई कर्मचारी तैनात किए गए। इनके साथ तीन मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनें, चार जेटिंग-कम-स्प्रिंकलर मशीनें, 16 ऑटो टिपर और 12 ई-रिक्शा भी लगाए गए।

रोहिणी क्षेत्र में जेआईएमएस कॉलेज के आसपास की सड़कों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में द्वारका के चिह्नित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सफाई कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान डीडीए के खुले मैदानों, खुले ढलावों और रियायतग्राहियों द्वारा संचालित फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशनों की सफाई व्यवस्था की जांच की गई। सैनिटरी इंस्पेक्टरों और संबंधित टीमों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई।

पुरानी दिल्ली क्षेत्र में डीडीयू मार्ग और इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में सफाई अभियान का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा बुधनगर में भी विशेष सफाई गतिविधियां संचालित की गईं।

निगम के अनुसार अभियान का उद्देश्य शैक्षणिक एवं संस्थागत क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना और शिक्षण संस्थानों के आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना है। एमसीडी ने नागरिकों, विद्यार्थियों और संस्थानों से अपने आसपास सफाई बनाए रखने तथा कचरे का उचित प्रबंधन करने में सहयोग की अपील की है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773352 Articles

Share this story