लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श आज भी सुशासन और नारी सशक्तिकरण की प्रेरणा : रविंद्र इंद्राज सिंह

WhatsApp Channel Join Now
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श आज भी सुशासन और नारी सशक्तिकरण की प्रेरणा : रविंद्र इंद्राज सिंह


लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श आज भी सुशासन और नारी सशक्तिकरण की प्रेरणा : रविंद्र इंद्राज सिंह


नई दिल्ली, 31 मई (हि.स.)।

लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर बेगमपुर में आयोजित भव्य शोभायात्रा एवं जयंती समारोह में दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने सहभागिता कर लोकमाता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सभा को संबोधित करते हुए रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन सेवा, सुशासन, न्याय, नारी सम्मान और जनकल्याण के आदर्शों का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एक शासक के रूप में अहिल्याबाई ने समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि संवेदनशील नेतृत्व ही वास्तविक सुशासन का आधार होता है।

उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर ने भारत की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में असाधारण योगदान दिया। देशभर में मंदिरों, घाटों और तीर्थ स्थलों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण के माध्यम से उन्होंने भारतीय संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान की। साथ ही महिलाओं के सम्मान, सामाजिक सुधार और जनसेवा के क्षेत्र में उनके कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार भी लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों से प्रेरणा लेकर महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और जनकल्याण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिलाओं के उत्थान और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मंत्री ने कहा कि भारतीय परंपरा में नारी को शक्ति, ज्ञान और समृद्धि का स्वरूप माना गया है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन इस सत्य का जीवंत उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, सेवा भावना और नैतिक नेतृत्व के माध्यम से समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है। आज आवश्यकता है कि उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समरस, न्यायपूर्ण और विकसित समाज के निर्माण में योगदान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, दिल्ली में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग भी की गई, जिससे नई पीढ़ी को उनके महान व्यक्तित्व और योगदान को जानने का अवसर मिला।

इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों की उपस्थिति में निकाली गई विशाल शोभायात्रा मुख्य आकर्षण रही, जिसमें लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके लोककल्याणकारी कार्यों, न्यायप्रिय शासन तथा सांस्कृतिक योगदान को विभिन्न झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story