यमुना को स्वच्छ व रिवरफ्रंट विकसित करना दिल्ली सरकार की प्राथमिकता : प्रवेश साहिब सिंह

WhatsApp Channel Join Now
यमुना को स्वच्छ व रिवरफ्रंट विकसित करना दिल्ली सरकार की प्राथमिकता : प्रवेश साहिब सिंह


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी लोगों को नदी से दोबारा जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की पहले दिन से ही प्राथमिकता मां यमुना को स्वच्छ बनाना और दिल्ली में एक सुंदर रिवरफ्रंट विकसित करना रही है।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को सोनिया विहार में आयोजित ‘नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा’ के शुभारंभ कार्यक्रम में कहा कि वर्षों से लोगों के मन में यह बात लगभग भुला दी गई थी कि दिल्ली से होकर एक नदी भी बहती है। लेकिन आज लोग यमुना को केवल एक नाले के रूप में नहीं, बल्कि एक नदी के रूप में देखने लगे हैं। उनका दृढ़ विश्वास है कि रिवरफ्रंट का विकास तभी संभव है, जब नदी स्वयं स्वच्छ हो। पिछले 18-19 महीनों में दिल्ली में यमुना के 52 किलोमीटर लंबे हिस्से के पुनर्जीवन का कार्य आगे बढ़ाया गया है और इस दिशा में कई मोर्चों पर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। अगले चरण में वजीराबाद से कालिंदी कुंज तक के हिस्से पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस कार्य को पूरा होने में अगले दो से ढाई वर्ष का समय और लगेगा।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार मां यमुना की खोई हुई गौरवशाली पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यमुना को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दिल्लीवासियों से इस प्रयास में सहभागी बनने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774813 Articles

Share this story