मुख्यमंत्री ने लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल के नवनिर्मित फ्रंट ब्लॉक और फिजियोथेरेपी केंद्र का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल के नवनिर्मित फ्रंट ब्लॉक और फिजियोथेरेपी केंद्र का किया उद्घाटन


नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को नगर निगम द्वारा निर्मित लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्रंट ब्लॉक एवं आधुनिक फिजियोथेरेपी केंद्र का उद्घाटन किया। इस नई स्वास्थ्य अवसंरचना के शुरू होने से क्षेत्र के लगभग 15 से 20 लाख नागरिकों को बेहतर, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि विकसित दिल्ली का आधार सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था है। इस मौके पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, जंगपुरा से विधायक तरविंदर सिंह मारवाह, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत वरिष्ठ अधिकारी एवं विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल के इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल पिछले लगभग 70 वर्षों से स्थानीय निवासियों और प्रवासी आबादी की सेवा कर रहा है। समय के साथ यहां मरीजों का दबाव लगातार बढ़ा, जिससे आधुनिक सुविधाओं की कमी महसूस हो रही थी। अब इस नए फ्रंट ब्लॉक और अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी केंद्र के जुड़ने से मरीजों को इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत बेहद कम हो जाएगी। वर्तमान में यह अस्पताल ओपीडी में रोजाना औसतन 600 से 700 मरीजों को सेवाएं दे रहा है, जिसमें अब और विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक डिजिटलाइजेशन किया है। अब मरीजों के सभी मेडिकल रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रखे जा रहे हैं और लंबी लाइनों से राहत देने के लिए डिजिटल अपॉइंटमेंट प्रणाली लागू की गई है। सभी सरकारी अस्पतालों को एकीकृत डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है। इसके माध्यम से एक ऐसा लाइव पोर्टल विकसित किया जा रहा है, जहां नागरिक सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध आईसीयू बेड की रियल-टाइम जानकारी देख सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। स्वास्थ्य विभाग सहित किसी भी महकमे में यदि कोई भी गड़बड़ी या अनियमितता पाई गई तो सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। दिल्ली सरकार और नगर निगम मिलकर राजधानी की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम के पुराने अस्पतालों के आधुनिकीकरण के लिए भी सरकार हर संभव वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराएगी।

नवनिर्मित ब्लॉक और अस्पताल की मुख्य विशेषताएं

लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल के नवनिर्मित फ्रंट ब्लॉक में मरीजों और डॉक्टरों की सुविधा के लिए 6-बेड का डे-केयर सेंटर, 12 आधुनिक कंसल्टिंग रूम, कॉन्फ्रेंस रूम और सीएसआर के सहयोग से अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी केंद्र सहित सभी वातानुकूलित सुविधाएं विकसित की गई हैं। यह पूरी तरह कार्यशील ब्लॉक आधुनिक नैदानिक सुविधाओं, रोगी-अनुकूल आधारभूत संरचना और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ जनता को समर्पित करने के लिए तैयार है। अस्पताल में मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति, नेत्र, ईएनटी, शिशु, त्वचा, दंत, आयुष और फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं के साथ डिजिटल एक्स-रे, लैब जांच और सभी आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story