दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के क्रियान्वयन को लेकर हितधारकों के साथ हुई पहली चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के क्रियान्वयन को लेकर हितधारकों के साथ हुई पहली चर्चा


नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने 'मास्टर प्लान दिल्ली-2047' के क्रियान्वयन को गति देने के लिए सांसदों और विधायकों जैसे प्रमुख हितधारकों के साथ मंगलवार को पहली उच्च-स्तरीय चर्चा बैठक की है। इस बैठक में भाजपा सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रवीण खंडेलवाल और अन्य जन-प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

डीडीए के उपाध्यक्ष एन सरवण कुमार ने दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के मुख्य प्रावधानों और इसे क्रियान्वयन करने के ढांचे को प्रस्तुत किया। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि दिल्ली मास्टर प्लान 2047 में ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) हाई-डेंसिटी कॉरिडोर (एचडीसी), लैंड पूलिंग और कम घनत्व वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके बाद जन-प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। चर्चा के दौरान जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने सुझाव दिए।

सरवण कुमार ने कहा कि यह चर्चा दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के विजन को हकीकत में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे हितधारकों के साथ लगातार जुड़ाव और समन्वित कार्यान्वयन के माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित दिल्ली की ओर बढ़ते हुए विकसित भारत 2047 के विजन में योगदान देंगे।

उल्लेखनीय है कि 12 अगस्त को डीडीए बोर्ड ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में दिल्ली मास्टर प्लान 2047 को मंजूरी दी। 20 अगस्त को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में इसे लॉन्च किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story