ज्वाला नगर में इमारत गिरने से दो लोगों की मौत, आआपा नेताओं ने घायलों का जाना हाल

WhatsApp Channel Join Now
ज्वाला नगर में इमारत गिरने से दो लोगों की मौत, आआपा नेताओं ने घायलों का जाना हाल


ज्वाला नगर में इमारत गिरने से दो लोगों की मौत, आआपा नेताओं ने घायलों का जाना हाल


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के शाहदरा स्थित ज्वाला नगर में मंगलवार को एक इमारत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आम आदमी पार्टी (आआपा) के प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। इस दौरान पार्टी नेताओं ने दिल्ली सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए घटना की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि दिल्ली में इमारतों के गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने अवैध निर्माण और जर्जर इमारतों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि हादसे की निष्पक्ष जांच कर भवन मालिक और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

एमसीडी में सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि पिछले एक साल में कई इमारतें गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन इनसे सबक नहीं लिया गया। उन्होंने सत्य निकेतन, सैदुल्लाजाब, चावड़ी बाजार और सीमापुरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली में निर्माण कार्यों की निगरानी और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की जरूरत है। उन्होंने ग्रैप-3 लागू होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर भी सवाल उठाए।

वहीं, एमसीडी की सह-प्रभारी प्रीति डोंगरा ने कहा कि नगर निगम के सदन और स्थायी समिति में जर्जर इमारतों का मुद्दा उठाया गया था, लेकिन इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने दिल्ली सरकार से जवाबदेही की मांग की।

आआपा नेताओं ने प्रशासन से ज्वाला नगर हादसे की जांच कराने, घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जर्जर इमारतों तथा अवैध निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778907 Articles

Share this story