एमसीडी बजट पर चर्चा के लिए सदन की विशेष बैठक, सदस्यों ने दिए सुझाव

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी बजट पर चर्चा के लिए सदन की विशेष बैठक, सदस्यों ने दिए सुझाव


एमसीडी बजट पर चर्चा के लिए सदन की विशेष बैठक, सदस्यों ने दिए सुझाव


नई दिल्ली, 05 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के वित्तीय वर्ष 2025-2026 के संशोधित बजट अनुमान एवं वर्ष 2026-2027 के बजट अनुमानों को लेकर गुरुवार को नगर निगम के सदन की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम के बजट पर हुई चर्चा में लगभग 28 पार्षदों ने भाग लिया एवं अपने सुझाव साझा किए।

पार्षदों ने निगम के राजस्व में वृद्धि के लिए अवैध पार्किंग को लाइसेंस देकर निगम के राजस्व में वृद्धि,बड़े निगम विद्यालयों में पी पी पी मॉडल के अंतर्गत खेल परिसरों का निर्माण, प्रदूषण की रोकथाम के लिए हरित कचरे का सही इस्तेमाल, ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष प्रावधान, महिला कर्मचारियों के लिए प्रत्येक वार्ड में विश्राम गृह, प्रत्येक वार्ड में जेसीबी मशीन एवं सुपर सकर मशीन की सुविधा और निगम के राजस्व को बढ़ाने के लिए यूनीपोल का सर्वे जैसे कई सुझाव दिए गए।

पार्षदों ने बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह दिल्ली को दिशा देने वाला बजट है। चर्चा के दौरान निगम द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध एक टास्क फोर्स बनाने एवं इसके लिए बजट में विशेष प्रावधान करने का सुझाव भी प्रस्तुत किया गया।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा दिल्ली नगर निगम को दिए जा रहे सहयोग के लिए धन्यवाद किया।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि नगर निगम दिल्ली को साफ स्वच्छ एवं हरित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है एवं यह बजट इसी दिशा में एक कदम है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ट्रिपल इंजन की सरकार दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त, साफ स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

महापौर ने कहा कि बजट चर्चा में सभी पार्षदगण भाग लेकर निगम के राजस्व में वृद्धि हेतु अपने सुझाव देंगे और कल होने वाली चर्चा में भाग लेने के लिए तैयारी के साथ आयेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम का बजट दिल्ली के विकास को रफ्तार देने वाला एवं नागरिकों की आकांक्षाओं पर खरा उतरेगा।

महापौर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ट्रिपल इंजन की सरकार दिल्ली को साफ स्वच्छ सुन्दर एवं हरित शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story