स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी तेज, शहर को बेहतर रैंक दिलाने पर जोर
धमतरी, 02 अप्रैल (हि.स.)। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त एवं स्वास्थ्य अधिकारियों की मौजूदगी में एआरआई, स्वच्छता सुपरवाइजर और स्वच्छता दीदियों की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में उपायुक्त पीसी सार्वा ने साफ शब्दों में कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि शहर की पहचान और नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने घर-घर कचरा संग्रहण को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई पर विशेष जोर दिया। साथ ही डंपिंग स्थलों के सुव्यवस्थित प्रबंधन के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य अधिकारियों कमलेश ठाकुर और शशांक मिश्रा ने स्वच्छता दीदियों एवं सुपरवाइजरों को जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को कचरा इधर-उधर न फेंकने, कचरा वाहन में ही देने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए लगातार प्रेरित करना होगा। बाजार क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों और वार्डों में सघन निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में फॉगिंग, नालियों की नियमित सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता और डोर-टू-डोर कलेक्शन की गुणवत्ता सुधारने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अंत में अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से धमतरी स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट स्थान हासिल कर सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

