सूरजपुर : जिला अस्पताल में 6 सफल हिप रिप्लेसमेंट ऑपरेशन, अब मरीजों को बड़े शहर नहीं जाना पड़ेगा
सूरजपुर, 15 जुलाई (हि.स.)।स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए आज बुधवार जिला चिकित्सालय सूरजपुर में अब तक 6 टोटल हिप रिप्लेसमेंट (टीएचआर) ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं। इससे अब जिले और आसपास के मरीजों को जटिल अस्थि शल्य चिकित्सा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
यह उपलब्धि सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा और सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम के मार्गदर्शन में हासिल हुई। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू और डॉ. अमन गुप्ता ने ऑपरेशन किए, जबकि एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. विकास भगत और डॉ. अनिल कुमार ने संभाली।
ऑपरेशन की सफलता में नर्सिंग और ऑपरेशन थिएटर की टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। चिकित्सा दल के समन्वित प्रयास से सभी मरीजों का सफल उपचार संभव हो सका।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, ऑपरेशन के बाद सभी मरीज स्वस्थ हैं और चिकित्सकीय निगरानी में तेजी से स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इस सुविधा के शुरू होने से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा, जिससे उनका समय और खर्च दोनों बचेंगे।
सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा ने पूरी चिकित्सा टीम और सहयोगी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी जिला चिकित्सालय सूरजपुर में आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

