सूरजपुर अपर कलेक्टर पर प्लेसमेंट कर्मचारियों से मारपीट और अभद्रता का आरोप, थाने में शिकायत
सूरजपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा पर नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मचारियों के साथ मारपीट और अभद्रता करने के आरोप लगे हैं।
कर्मचारियों ने मामले को लेकर आज मंगलवार को विश्रामपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि अपर कलेक्टर ने कर्मचारियों के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विश्रामपुर रेलवे स्टेशन में लाइफ लाइन एक्सप्रेस पहुंची है। कार्यक्रम को देखते हुए विश्रामपुर नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मचारियों की ड्यूटी सड़क सुधार, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में लगाई गई है।
इसी दौरान कर्मचारियों और अपर कलेक्टर के बीच विवाद होने की बात सामने आई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि काम के दौरान अपर कलेक्टर मौके पर पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा मारपीट की। कर्मचारी आकाश सिन्हा ने बताया कि, हम लोग काम कर रहे थे। इसी दौरान अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा मौके पर पहुंचे और काम को देखकर नाराज हुए.इसके बाद उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की।
घटना के बाद कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई। कर्मचारियों ने काम बंद कर अधिकारी से शिकायत की। इसके बाद सभी कर्मचारी एकजुट होकर विश्रामपुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपकर मामले में अपराध दर्ज करने की मांग की।
कर्मचारियों के आरोपों को अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा ने खारिज किया है। उन्होंने कहा कि मौके पर केवल साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए थे। उनके अनुसार मारपीट या धमकी देने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
मामले में एडिशनल एसपी योगेश देवांगन ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है और शिकायत की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस कर्मचारियों की शिकायत और दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

