सुकमा के बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने सशक्त आंगनवाड़ी अभियान

WhatsApp Channel Join Now
सुकमा के बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने सशक्त आंगनवाड़ी अभियान


सुकमा, 24 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन और नीति आयोग के संयुक्त समन्वय से जिले में बच्चों की प्ररंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सशक्त आंगनबाड़ी अभियान की शुरुआत की गई है।

कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के समन्वय से संचालित इस अभिनव पहल के तहत अब आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ सहयोगी के रूप में समीपस्थ प्राथमिक स्कूलों के शिक्षक भी आंगनवाड़ी केंद्रों में पहुंचकर बच्चों को सीखने-सिखाने की प्रक्रिया से जोड़ रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य 3 से 6 वर्ष के बच्चों को स्कूल जाने से पहले ही सीखने के लिए तैयार करना और उनकी शैक्षणिक नींव को मजबूत बनाना है।

इसी क्रम में शुक्रवार को आंगनवाड़ी केंद्र मुरतोंडा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चिंगी नाग एवं शिक्षिका परिणीता कश्यप द्वारा 16 बच्चों का रोचक एवं सहभागितापूर्ण शिक्षण सत्र आयोजित किया गया। वहीं आंगनवाड़ी केंद्र गोलागुड़ा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता साधना नाग की उपस्थिति में शिक्षिका जयमाला ने 17 बच्चों को खेल-खेल में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक गतिविधियों में भाग लिया और आनंद के साथ सीखने का अनुभव प्राप्त किया।

इस दौरान सेक्टर पर्यवेक्षक रामपुरम यशबाला सिंह ठाकुर की उपस्थिति में कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय सुनिश्चित किया गया। जिला प्रशासन की यह पहल प्रारंभिक बाल शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम से बच्चों में सीखने की ललक बढऩे, विद्यालय के प्रति सहजता विकसित होने और आगे चलकर स्कूल छोडऩे की दर में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही, पोषण और शिक्षा को एक साथ जोड़कर जिले के बच्चों के सर्वांगीण विकास को गति देने में सशक्त आंगनवाड़ी अभियान निश्चित रूप से मील का पत्थर साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story