सारंगढ़–बिलाईगढ़ में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

भटगांव के धारासींव में 30 हेक्टेयर में विकसित होगा औद्योगिक क्षेत्र

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 16 अक्टूबर (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन की उद्योग हितैषी नीतियों से नवगठित सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं आकार लेने लगी हैं। जिले की भटगांव तहसील अंतर्गत ग्राम धारासींव में 30 हेक्टेयर भूमि पर नवीन औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने का प्रस्ताव है। इससे स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि राज्य शासन की औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के अनुरूप प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र का विकास छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड, रायपुर द्वारा किया जाएगा। यहां खाद्य प्रसंस्करण, वनोपज एवं कृषि आधारित उद्योगों के साथ कुटीर, ग्रामोद्योग, हस्तशिल्प, हथकरघा, डेयरी, सोलर, फार्मास्यूटिकल्स, पेपर आधारित, फर्नीचर, प्लाई एवं ब्रिक्स तथा प्लास्टिक (एचडीपीई) आधारित उद्योग स्थापित किए जा सकेंगे। इन इकाइयों से कृषि उपज एवं वनोपज के स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही व्यापार, परिवहन और सेवा क्षेत्र में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना संबंधी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्राम धारासींव के खसरा क्रमांक 2008/1/क में कुल 83.552 हेक्टेयर भूमि में से 30 हेक्टेयर भूमि औद्योगिक प्रयोजन के लिए चिन्हांकित है। प्रस्तावित स्थल नगर पंचायत भटगांव से लगभग 8 किलोमीटर तथा आबादी क्षेत्र से 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।

औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाली, बिजली एवं पानी सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम द्वारा किया जाएगा। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के इच्छुक उद्यमियों को ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से भूमि आबंटित की जाएगी। शासन की प्रचलित नीति के अनुसार पात्र उद्योगों को औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के अंतर्गत प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए पृथक भूमि चिन्हांकित करने का भी प्रावधान प्रस्तावित है।

नवीन औद्योगिक क्षेत्र के अस्तित्व में आने से सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। लघु एवं मध्यम उद्यमों की स्थापना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के लिए अन्य शहरों की ओर पलायन में कमी आने की संभावना है। राज्य शासन की यह पहल नए जिले को औद्योगिक विकास के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

सारंगढ़ –बिलाईगढ़ जिले के ग्राम धारासींव में प्रस्तावित नवीन औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण, वनोपज आधारित, कृषि आधारित, कुटीर, ग्रामोद्योग, हस्तशिल्प, हथकरघा, डेयरी, सोलर, फार्मास्यूटिकल्स, पेपर आधारित, फर्नीचर, प्लाई एवं ब्रिक्स तथा प्लास्टिक (एचडीपीई) आधारित उद्योग स्थापित किए जा सकेंगे। छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम द्वारा सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पात्र उद्यमियों को औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के तहत प्रोत्साहन मिलेगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों के लिए पृथक भूमि चिन्हांकित करने का भी प्रस्ताव है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story