सरगुजा ओलंपिक 2026 में जशपुर का जलवा, 53 पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान

WhatsApp Channel Join Now
सरगुजा ओलंपिक 2026 में जशपुर का जलवा, 53 पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान


सरगुजा ओलंपिक 2026 में जशपुर का जलवा, 53 पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान


जशपुर, 24 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 में जशपुर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 53 पदक अपने नाम किए और जिले को गौरवान्वित किया। 21 से 23 मार्च 2026 तक अंबिकापुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में जशपुर के 443 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया।

जशपुर के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 17 स्वर्ण, 20 रजत और 16 कांस्य पदक हासिल किए। एथलेटिक्स में 100 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण, 400 मीटर में एक कांस्य और 4×100 मीटर रिले में दो रजत पदक जीते गए। ऊंची कूद में एक स्वर्ण और एक कांस्य, लंबी कूद में एक कांस्य तथा गोला फेंक में एक रजत पदक प्राप्त हुआ।

फील्ड इवेंट्स में तवा फेंक में एक स्वर्ण और दो रजत, भाला फेंक में एक स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल किए गए। तीरंदाजी में 30 मीटर एकल में एक रजत और दो कांस्य, जबकि दलीय स्पर्धा में एक स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते गए।

टीम खेलों में भी जशपुर का प्रदर्शन शानदार रहा। हॉकी में चार स्वर्ण, फुटबॉल में एक स्वर्ण और दो कांस्य, कबड्डी में एक स्वर्ण और दो रजत तथा खो-खो में तीन स्वर्ण पदक जिले के नाम रहे। कुश्ती में दो स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक जीते गए, जबकि कराते में दो रजत और एक कांस्य पदक प्राप्त हुए।

इसके अलावा बैडमिंटन एकल में एक कांस्य, युगल में तीन कांस्य, वॉलीबॉल में एक कांस्य और बास्केटबॉल में दो कांस्य पदक हासिल कर खिलाड़ियों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story