संभाग स्तरीय प्रतियोगिता, रोल प्ले में सुकमा और लोक नृत्य में नारायणपुर ने मारी बाजी

WhatsApp Channel Join Now
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता, रोल प्ले में सुकमा और लोक नृत्य में नारायणपुर ने मारी बाजी


जगदलपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। बस्तर संभाग मुख्यालय स्थित सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02, जगदलपुर में संभागस्तरीय नाटक एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता का शनिवार काे आयोजन किया गया, जहां स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के तहत आयोजित इस विशेष प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य शालेय विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा उनके जीवन कौशल का समग्र विकास करना था। यह पूरा आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा जारी थीम एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया गया।

सयुंक्त संचालक स्कूल शिक्षा एचआर सोम ने बताया कि इस प्रतियोगिता की तैयारी जमीनी स्तर से शुरू की गई थी, जिसके तहत संभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के मार्गदर्शन में पहले शाला एवं विकासखंड स्तर पर रोल प्ले व लोक नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इन प्राथमिक चरणों में अपनी प्रतिभा साबित करने वाले छात्र-छात्राओं की प्रत्येक जिले से एक-एक विजेता टीम का चयन कर उन्हें जिलास्तर के प्रतिनिधि के रूप में इस संभागस्तरीय मंच पर भाग लेने का अवसर मिला। मंच पर विभिन्न जिलों से पहुंचे नन्हे-मुन्ने और युवा कलाकारों ने स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन मूल्यों से जुड़े विषयों पर अपनी सशक्त व संवेदनशील प्रस्तुतियां दीं।

विशेषज्ञों की चयन समिति द्वारा प्रस्तुतियों के विभिन्न तकनीकी, कलात्मक एवं संदेशपरक बिंदुओं का गहराई से मूल्यांकन किया गया। बेहद कड़े और रोचक मुकाबले के उपरांत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर परिणामों की घोषणा की गई, जिसमें रोल प्ले प्रतियोगिता में जिला सुकमा की टीम ने अपने उत्कृष्ट अभिनय के दम पर पहला स्थान हासिल किया, वहीं पारंपरिक और मनमोहक लोक नृत्य प्रतियोगिता में जिला नारायणपुर के दल ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के उपरांत संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा संभाग बस्तर द्वारा सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773881 Articles

Share this story