राष्ट्रपति के प्रवास कार्यक्रम को लेकर कमिश्नर ने तैयारियों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति के प्रवास कार्यक्रम को लेकर कमिश्नर ने तैयारियों का लिया जायजा


जगदलपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के पावन अवसर पर आगामी 23 अक्टूबर को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सिरहासार भवन में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 'मुरिया दरबार' में शिरकत करेंगी। महामहिम के प्रस्तावित आगमन को लेकर रविवार को कमिश्नर डोमन सिंह ने कलेक्टर आकाश छिकारा तथा पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के साथ आयोजन से जुड़े प्रमुख स्थलों का सघन भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों की जमीनी समीक्षा की।

अधिकारियों के दल ने सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर दर्शन व्यवस्था व सुरक्षा प्रबंधों का अवलोकन किया, जिसके बाद वे सिरहासार भवन और लालबाग मैदान पहुंचे। सिरहासार भवन में मुरिया दरबार के पारंपरिक गरिमामयी स्वरूप और बैठक व्यवस्था का जायजा लिया गया, वहीं लालबाग मैदान में आयोजित होने वाली आमसभा तथा बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक वैभव को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनी की रूपरेखा परखी गई।

इस निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार, अपर कलेक्टर द्वय सीपी बघेल व दिलेराज डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। कमिश्नर , कलेक्टर और एसपी ने संबंधित विभागों को मंच सज्जा, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और जनसुविधाओं से जुड़े सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि इस गरिमामयी आयोजन को गरिमामय ढंग से सुव्यवस्थित संपन्न कराया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story