रायगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 11 अक्टूबर को, 17 केंद्रों पर शामिल होंगे 4245 अभ्यर्थी

WhatsApp Channel Join Now
रायगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 11 अक्टूबर को, 17 केंद्रों पर शामिल होंगे 4245 अभ्यर्थी


रायगढ़, 09 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 11 अक्टूबर को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित होगी। रायगढ़ जिले में परीक्षा के लिए 17 केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 4245 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार काे संयुक्त कलेक्टर हेमेन्द्र भुआर्य ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों में पहचान पत्रों के सत्यापन के लिए पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला पुलिसकर्मी द्वारा ही ली जाएगी।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक दिन पहले अपने केंद्र का अवलोकन करने की सलाह दी है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के सभी पृष्ठों का प्रिंटआउट लेकर आना होगा। इसके साथ मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या फोटोयुक्त आधार कार्ड में से कोई एक मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। मूल पहचान पत्र के अभाव में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रवेश पत्र में फोटो नहीं होने पर दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो भी साथ लाने होंगे।

पहनावे और प्रतिबंधित सामग्री को लेकर निर्देश

परीक्षा में हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनने की अनुमति नहीं होगी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा। फुटवियर में केवल चप्पल पहनकर आने तथा कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण नहीं पहनने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा कक्ष में मोबाइल सहित किसी भी प्रकार के संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट और टोपी ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। उत्तर अंकित करने के लिए केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन का उपयोग किया जा सकेगा। परीक्षा शुरू होने के पहले आधे घंटे और समाप्ति के अंतिम आधे घंटे में कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि चयन एवं प्रवेश के समय इसकी आवश्यकता होगी और व्यापम द्वारा दोबारा प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। परीक्षा संबंधी निर्देशों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है। अनुचित साधनों का उपयोग करने पर कठोर कार्रवाई के साथ अभ्यर्थिता समाप्त की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story