भाजपा पार्षदों की रणनीतिक बैठक, संगठन में समन्वय पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा पार्षदों की रणनीतिक बैठक, संगठन में समन्वय पर मंथन


धमतरी, 11 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम में भाजपा पार्षदों के बीच कथित समन्वय और आपसी तालमेल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच शनिवार को भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और जिला प्रभारी डॉ. किरण बघेल धमतरी पहुंचे।

लोहरसी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बंद कमरे की बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, महापौर रामू रोहरा, सभापति कौशिल्या देवांगन तथा पार्टी के पार्षद शामिल हुए। बताया गया कि बैठक का उद्देश्य पार्षदों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और संगठनात्मक स्तर पर एकजुटता बनाए रखना था।

बैठक की सूचना दोपहर 12 बजे की गई थी, जबकि प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी दोपहर 12:48 बजे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां पार्षदों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद जिला प्रभारी किरण बघेल भी बैठक में शामिल हुईं। बैठक से पहले कुछ पार्षदों ने निगम की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष जताते हुए कहा कि निर्णय प्रक्रिया में सीमित लोगों का प्रभाव अधिक है, जबकि कुछ पार्षदों ने एमआईसी के कुछ सदस्यों के कार्य व्यवहार पर भी सवाल उठाए। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने इसे संगठन का आंतरिक विषय बताते हुए कहा कि समन्वय परिवार का मामला है, जिसे आपसी संवाद से सुलझाया जाएगा।

वहीं महापौर रामू रोहरा ने स्पष्ट किया कि, प्रदेश स्तर पर सभी नगरीय निकायों में इस प्रकार की समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं और वे स्वयं भी हाल ही में कोरबा में आयोजित ऐसी बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के दौरान पार्षदों को मोबाइल फोन बंद रखने के निर्देश दिए गए, जिसके कारण बंद कमरे में हुई चर्चा की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी। जानकारी के अनुसार बैठक में दो पार्षद अनुपस्थित रहे, जिनमें एक महिला पार्षद व्यक्तिगत कारणों से शामिल नहीं हो सकीं।

बैठक में विभा चंद्राकर, कुलेश सोनी, शैलेष रजक, मेघराज ठाकुर, राकेश चंदवानी, युगल किशोर यादव, चंद्रभागा साहू, सतीश पवार, नम्रता पवार, अनिता अग्रवाल, गजेन्द्र कंवर, ईश्वर सोनकर, अज्जु देशलहरे, अखिलेश सोनकर, संजय देवांगन, संतोष सोनकर, नीलेश लुनिया, हेमंत बंजारे, विजय मोटवानी, आशा लोधी, तल्लीनपुरी गोस्वामी, श्यामलाल नेताम, नरेन्द्र रोहरा और हिमानी साहू उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story