बस्तर में मिनी मॉल और निजी सीबीएसई स्कूल स्थापित करने निवेशक आमंत्रित

WhatsApp Channel Join Now

जगदलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप बस्तर जिले सहित प्रदेश के आकांक्षी क्षेत्रों में आधुनिक मनोरंजन, व्यापार और उच्च स्तरीय स्कूली शिक्षा विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस योजना के तहत राज्य के ऐसे विकासखंडों में निजी निवेश को आकर्षित करने के लिए रुचि की अभिव्यक्ति जारी की गई है, जहां वर्तमान में मल्टीप्लेक्स और निजी सीबीएसई स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता है।

इस योजना के पहले चरण में सिनेमा और संगठित खुदरा बाजार से वंचित क्षेत्रों में मिनी मॉल के निर्माण को गति दी जा रही है। इसके लिए 15 जिलों के ऐसे 50 से अधिक विकासखंडों को लक्षित किया गया है जहां मल्टीप्लेक्स की सुविधा नहीं है। मिनी मॉल के अंतर्गत न्यूनतम 8,000 वर्ग फीट के उपयोग योग्य क्षेत्र में कम से कम 100 सीटों का मल्टीप्लेक्स, कम से कम 5 रिटेल दुकानें और एक व्यवस्थित फूड कोर्ट तैयार किया जाना अनिवार्य रखा गया है। भूमि की लागत को छोड़कर इसमें न्यूनतम 05 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश का प्रावधान तय किया गया है।

इसके साथ ही आकांक्षी इलाकों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आधार मजबूत करने के उद्देश्य से निजी सीबीएसई स्कूलों की स्थापना पर जोर दिया जा रहा है। ब्लॉक मुख्यालय से 10 किलोमीटर के दायरे में स्थित ऐसे 20 से अधिक विकासखंडों में उक्त स्कूल खोले जाएंगे जहाँ अब तक कोई निजी सीबीएसई विद्यालय संचालित नहीं है। प्रस्तावित विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 वीं तक की पढ़ाई के साथ कम से कम 500 विद्यार्थियों की क्षमता, छात्रावास, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास रूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

राज्य शासन द्वारा इस क्षेत्र में निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष वित्तीय और प्रशासनिक रियायतों की घोषणा की गई है। इस पहल के तहत निवेशकों को 100 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क छूट, 100 प्रतिशत भूमि डायवर्सन शुल्क छूट और भूमि पंजीकरण शुल्क की प्रतिपूर्ति दी जाएगी। इसके अतिरिक्त राज्य शासन की ओर से अधोसंरचना अनुदान और औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत लागू होने वाले तमाम निवेश प्रोत्साहन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

इच्छुक विकासकर्ता व निवेशक विज्ञापन में जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर परियोजना विवरण का अवलोकन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पात्रता से जुड़े पूर्व-योग्यता दस्तावेज और अन्य दस्तावेज अपलोड करने होंगे, जिसका पासवर्ड ईमेल आईडी invest&support@cg.gov.in पर प्रेषित करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story