बलौदाबाजार : गैस वितरण वाहनों में अब बजेगा जागरूकता गीत भाई आया रे गैस सिलेंडर

WhatsApp Channel Join Now
बलौदाबाजार : गैस वितरण वाहनों में अब बजेगा जागरूकता गीत भाई आया रे गैस सिलेंडर


खाद्य विभाग ने जारी किए निर्देश

बलौदाबाजार, 30 सितम्बर (हि. स.)। एलपीजी गैस सिलेंडर के इस्तेमाल के दौरान बरती जाने वाली लापरवाहियों और उससे होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है।

अब जिले में संचालित सभी गैस एजेंसियों के वितरण वाहनों (डिलीवरी वाहनों) में सुरक्षा जागरूकता गीत भाई आया रे गैस सिलेंडर अनिवार्य रूप से बजाया जाएगा।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार खाद्य अधिकारी पुनीत राम के द्वारा जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों को अपने डिलीवरी वाहनों में यह सुरक्षा गीत बजाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से प्राप्त पत्र के अनुपालन में जारी किया गया है।

गैस सिलेंडर लेते समय उपभोक्ताओं द्वारा अक्सर सील और वजन की जांच करने में अनदेखी की जाती है, जिसके कारण दुर्घटनाएं होती हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को एलपीजी सुरक्षा मानकों, सील जांच और वजन संबंधी जानकारियों के प्रति जागरूक करना है ताकि संभावित हादसों को टाला जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story