बलरामपुर : वीबी जीरामजी पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
बलरामपुर, 30 जून (हि.स.)। आज मंगलवार को जनपद पंचायत रामचंद्रपुर में विकसित भारत ग्राम योजना (वीबी जीरामजी) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू होगी।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में विकसित भारत ग्राम योजना (वीबी जीरामजी) के प्रचार-प्रसार के तहत जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का नेतृत्व जनपद पंचायत सीईओ रणवीर साय ने किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के तहत प्रत्येक पंजीकृत जॉब कार्डधारी परिवार को हर वर्ष 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। यदि समय पर रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो पात्र हितग्राहियों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। वहीं, मजदूरी भुगतान में देरी होने पर मुआवजा देने का भी प्रावधान है।
कार्यक्रम अधिकारी अभिषेक द्विवेदी ने योजना की प्रमुख श्रेणियों और कार्यों की जानकारी देते हुए जल संरक्षण, तालाब गहरीकरण, सोक पिट, चेक डैम निर्माण, सड़क, पुलिया, आंगनबाड़ी और पंचायत भवन निर्माण जैसे विकास कार्यों के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और स्व-सहायता समूहों को बढ़ावा देने संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यशाला में विकसित ग्राम पंचायत की कार्ययोजना तैयार करने, विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने तथा प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया भी समझाई गई। कार्यक्रम में सहायक प्रोग्रामर, बीपीआरसी, तकनीकी सहायक, शाखा प्रभारी, सचिव और रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

