बलरामपुर राज्योत्सव में बनारस के सुरों ने बांधा समां, शिव स्तुति और लोकनृत्यों ने मोहा दर्शकों का मन

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर राज्योत्सव में बनारस के सुरों ने बांधा समां, शिव स्तुति और लोकनृत्यों ने मोहा दर्शकों का मन


बलरामपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। जिला स्तरीय राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में सोमवार को भक्ति, शास्त्रीय संगीत और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बनारस के प्रसिद्ध संगीत समूह अक्षत कलेक्टिव ने शिव स्तुति से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। तबले की थाप और बांसुरी की मधुर धुन के साथ गूंजे भक्ति गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। समूह की प्रस्तुतियों पर देर रात तक दर्शक तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे।

शिव स्तुति के बाद अक्षत कलेक्टिव ने उप-शास्त्रीय और सुगम गायन की प्रस्तुतियां दीं। समूह ने शास्त्रीय संगीत की बारीकियों के साथ भावपूर्ण गीतों का ऐसा संयोजन पेश किया, जिसने संगीत प्रेमियों के साथ ग्रामीण दर्शकों को भी आकर्षित किया। बनारस की सांगीतिक परंपरा को आधुनिक मंचों तक पहुंचाने के लिए पहचाने जाने वाले इस समूह की प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव की शाम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में बिलासपुर की वाइब्रेशन डांस एकेडमी के कलाकारों ने ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों में उत्साह भर दिया। वहीं कसडोल के लोक मंथन दल ने जनजातीय नृत्य के माध्यम से वनांचल की लोकपरंपरा और संस्कृति को मंच पर जीवंत किया। स्थानीय दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों में अपनी सांस्कृतिक पहचान की झलक देखी।

इससे पहले जिले के स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय कलाकारों ने 15 प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। छत्तीसगढ़ी स्वागत नृत्य, सुवा नृत्य, शिव तांडव, कान्हा नृत्य और सूफी नृत्य के साथ घूमर, हरियाणवी, अरुणाचली और नेपाली लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां भी हुईं। भेलवाडीह के पहाड़ी कोरवा कलाकारों ने उड़िया लोकनृत्य प्रस्तुत किया। वहीं ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आधारित नारी सशक्तिकरण की प्रस्तुति को भी दर्शकों ने सराहा।

बनारस के शास्त्रीय और सुगम संगीत, बिलासपुर की नृत्य प्रस्तुतियों, कसडोल के जनजातीय लोकनृत्य और स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा ने राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या को विविध रंगों से भर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story