बलरामपुर में जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का आगाज

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का आगाज


बलरामपुर में जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का आगाज


बलरामपुर में जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का आगाज


बलरामपुर, 03 नवंबर (हि.स.)।गांव-कस्बों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से मंगलवार को बलरामपुर में जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। पहले दिन जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं के साथ महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपना दमखम दिखाया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, ओमप्रकाश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य अनिता मरकाम, अर्पणा दीक्षित और भानू प्रकाश दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं अपर कलेक्टर आरएस लाल, अभिषेक गुप्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी आयोजन में शामिल हुए।

सरगुजा ओलंपिक को लेकर जिले में व्यापक उत्साह देखने को मिला है। विकासखंड स्तर पर कुल 91 हजार 995 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें 47 हजार 945 महिलाएं और 44 हजार 50 पुरुष शामिल हैं। पंजीयन में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार वाड्रफनगर से सर्वाधिक 21 हजार 932, राजपुर से 19 हजार 943, रामचंद्रपुर से 16 हजार 71, बलरामपुर से 13 हजार 719, कुसमी से 10 हजार 250 और शंकरगढ़ से 10 हजार 80 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।

विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में कुल 8 हजार 837 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इनमें 4 हजार 581 पुरुष और 4 हजार 256 महिलाएं शामिल रहीं। कुसमी से 1 हजार 688, शंकरगढ़ से 1 हजार 655, राजपुर से 1 हजार 536, बलरामपुर से 1 हजार 422, वाड्रफनगर से 1 हजार 385 और रामचंद्रपुर से 1 हजार 151 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के पहले दिन सेजेस हिंदी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान में सीनियर महिला वर्ग की रस्साकसी के साथ एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इसमें 100, 200 और 400 मीटर दौड़, रिले दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, तवा फेंक, ऊंची कूद और लंबी कूद शामिल रहीं। वहीं पुलिस लाइन स्थित इंडोर हॉल में वॉलीबॉल और बैडमिंटन के मुकाबले खेले गए।

आयोजन के तहत 4 नवंबर को फुटबॉल, तीरंदाजी, खो-खो, कराते, कुश्ती और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 5 नवंबर को कबड्डी और हॉकी के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न खेल स्पर्धाएं सेजेस हिंदी माध्यम विद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र जाबर, मिशन स्कूल और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भेलवाडीह के खेल मैदानों में होंगी।

सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। बड़ी संख्या में हुए पंजीयन और प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की भागीदारी से जिले में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह की झलक मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771943 Articles

Share this story