प्रतापपुर अस्पताल को मिला 200 केवीए का जनरेटर

WhatsApp Channel Join Now
प्रतापपुर अस्पताल को मिला 200 केवीए का जनरेटर


सूरजपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने के लिए 200 केवीए का जनरेटर स्थापित किया गया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की पहल से अस्पताल में लंबे समय से महसूस की जा रही पावर बैकअप की कमी दूर होने की उम्मीद है। इससे प्रतापपुर और आसपास के क्षेत्र के मरीजों को राहत मिलेगी।

कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के प्रयासों से अस्पताल को यह जनरेटर उपलब्ध कराया गया है। बिजली गुल होने की स्थिति में इससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, अस्पताल में ब्लड बैंक का निर्माण होने के कारण पिछले कुछ वर्षों से सोलर सिस्टम से मिलने वाला पावर बैकअप बाधित था। इसके चलते स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल के दूसरे जरूरी कार्यों में परेशानी हो रही थी।

अब मातृत्व स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान से प्राप्त 200 केवीए के जनरेटर की स्थापना से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इससे अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं को सुचारु रखने और मरीजों को सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767810 Articles

Share this story