नागपंचमी पर बच्चों ने दिखाया कुश्ती का हुनर, विद्यालय में हुआ पारंपरिक खेल का आयोजन
सूरजपुर, 17 अगस्त (हि.स.)।नागपंचमी के अवसर पर शासकीय माध्यमिक शाला पतरापाली में विद्यार्थियों के लिए कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की गई। पारंपरिक खेल को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी शारीरिक क्षमता तथा खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नागपंचमी पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी भी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि नागपंचमी भारतीय परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर नाग देवता की पूजा की जाती है। बच्चों को अपनी लोक परंपराओं और पारंपरिक खेलों से जुड़े रहने के लिए भी प्रेरित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के बीच अलग-अलग मुकाबले हुए। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कुश्ती के दांव-पेंच आजमाए। मैदान में मुकाबला कर रहे विद्यार्थियों का साथी बच्चों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में अंशु यादव, मनीष, अखिलेश और मनोज ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजेता का स्थान हासिल किया। सभी विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानपाठक के.के. यादव ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी नियमित रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रधानपाठक के.के. यादव, अनिता सिंह, योगेश साहू, रघुनाथ जायसवाल सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। नागपंचमी पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता से विद्यालय परिसर में उत्साह और पारंपरिक खेलों का
माहौल बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

