धान खरीद में आ रही अड़चनों पर विधायक की पहल, मुख्यमंत्री से बात कर दिलाया समाधान का भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
धान खरीद में आ रही अड़चनों पर विधायक की पहल, मुख्यमंत्री से बात कर दिलाया समाधान का भरोसा


अंबिकापुर, 22 दिसंबर (हि.स.)। धान खरीद केंद्रों में किसानों को धान बिक्री के दौरान हो रही गंभीर समस्याओं को लेकर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सीधे संवाद किया। विधायक ने मुख्यमंत्री को धान खरीद से पूर्व किसानों पर लागू की गई नई व्यवस्थाओं और उससे उत्पन्न व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए किसानों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है।

धान खरीद वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कई नए नियम लागू किए गए हैं। इन नियमों के तहत किसानों को पंजीयन के साथ-साथ एग्रोस्टेक और कैरी फॉरवर्ड जैसी औपचारिकताएं पूरी करना अनिवार्य किया गया है। सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद ही किसानों को समिति में धान बेचने की अनुमति दी जा रही है। नियम लागू होने के बाद किसान इन औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटे, लेकिन प्रक्रिया अत्यंत जटिल होने के कारण क्षेत्र के कई किसान इसमें उलझकर रह गए।

स्थिति यह है कि बड़ी संख्या में किसानों ने इन प्रक्रियाओं को बोझिल बताते हुए सरकार पर धान खरीद में अड़ंगा पैदा करने का आरोप लगाया और धान बेचने से खुद को अलग कर लिया। वहीं जिन किसानों ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर लीं, उन्हें भी खरीद केंद्रों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या यह है कि सरकारी सिस्टम में किसानों का पंजीयन तो दिखाई दे रहा है, लेकिन समिति में टोकन कटवाने के समय वही नाम सिस्टम में नजर नहीं आ रहा। इसके चलते किसानों का टोकन नहीं कट पा रहा है और वे धान बिक्री से वंचित रह जा रहे हैं।

टोकन से जुड़ा यह मामला बीते एक सप्ताह से क्षेत्र में गर्माया हुआ है, जिसे लेकर किसान और जनप्रतिनिधि लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मुद्दे को विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा सत्र के दौरान भी प्रमुखता से उठाया था। अब उन्होंने फोन पर सीधे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बात कर किसानों की व्यथा सामने रखी।

इस संबंध में विधायक रामकुमार टोप्पो ने बताया कि मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर सार्थक और सकारात्मक संवाद हुआ है। मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया है, जिससे क्षेत्र के किसानों में राहत की उम्मीद जगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story