धर्मजयगढ़ में 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस का राज्यस्तरीय आयोजन ,कलेक्टर ने ली बैठक

WhatsApp Channel Join Now
धर्मजयगढ़ में 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस का राज्यस्तरीय आयोजन ,कलेक्टर ने ली बैठक


धर्मजयगढ़ में 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस का राज्यस्तरीय आयोजन ,कलेक्टर ने ली बैठक


रायगढ़ , 10 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन किया जाएगा। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को समर्पित इस कार्यक्रम को भव्य एवं गरिमामय स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण एवं सजावट, टेंट, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था, साफ-सफाई तथा चिकित्सा सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों और आम नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें और निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करें।

कलेक्टर ने विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आगमन, स्वागत, बैठक एवं भोजन व्यवस्था के साथ आमंत्रण पत्रों के वितरण को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जनजातीय गौरव दिवस की थीम पर आधारित गतिविधियों, प्रदर्शनी तथा मीडिया कवरेज के लिए समुचित प्रबंध करने को कहा। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर यातायात नियंत्रण, पर्याप्त पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए विभागवार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप कार्य करने और कार्यक्रम स्थल का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करते हुए देश के इतिहास में अमिट स्थान बनाया है। यह दिवस जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक जीवनशैली और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को स्मरण करने का अवसर है। धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774813 Articles

Share this story