जांजगीर चांपा: जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर चांपा: जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा, 24 मार्च (हि. स.)। जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित इस जनदर्शन में कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र और प्राथमिकता के साथ निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि, जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

जनदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें भूमि सीमांकन, राशन कार्ड में खाद्यान्न आबंटन, नया राशन कार्ड जारी कराने, विधवा पेंशन योजना का लाभ, तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन प्रमुख रहे।

तहसील जांजगीर के पवन राठौर ने भूमि सीमांकन, पामगढ़ के ग्राम रहौद की श्रीमती उषा देवी ने राशन कार्ड समस्या, चाम्पा के ग्राम कोसमन्दा के रोहित कुमार ने नया राशन कार्ड जारी कराने, अकलतरा के ग्राम हरदी की श्रीमती शांतिबाई साहू ने विधवा पेंशन और जांजगीर की श्रीमती सुनीता राठौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।

इसके अलावा अन्य आवेदकों ने सीमांकन, बंटांकन, त्रुटि सुधार, आधार कार्ड संशोधन, पेंशन और राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्ती सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि, सभी आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story