कोरबा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दादर रोड से जलविहार तक हुआ वृक्षारोपण

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दादर रोड से जलविहार तक हुआ वृक्षारोपण


कोरबा, 24 अगस्त (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सोमवार को कोरबा के पं. रविशंकर नगर जोन अंतर्गत दादर रोड से जलविहार तक सघन वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा वन विभाग के सहयोग से 18 जुलाई से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगातार वृक्षारोपण किया जा रहा है।

दादर रोड से जलविहार तक आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में पार्षद अब्दुल रहमान, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, गीता यादव, फिरितराम यादव, संतोष यादव, मनमोहन, गोपी, कार्तिक राम, पूरन, धन्नु गुप्ता सहित अन्य नागरिकों ने पौधे लगाए। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

अभियान का उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों को जागरूक और सहभागी बनाना है। नगर निगम द्वारा अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story